Friday, 19 April 2019

        श्रीमतीजी का डिजिटल उपवास

पति ने पत्नी को आवाज़ लगायी
' अजी सुनती हो ' की गुहार लगायी

पर उनकी पत्नी तो मोबाइल में व्यस्त थी
व्हाट्स एप पर चुटकुले पढ़ने में मस्त थी

जवाब न मिलने पर पतिदेव पत्नी के पास आये
पत्नी को ठहाके लगाते देख वो भी मुस्कुराये

कहा, प्रिये! थोड़ा समय मेरे लिए भी निकालो
अपने ठहाकों में मुझे भी शामिल कर लो

पत्नी ने यूँ घूरा पति की बेतुकी बात पर
कि उन्हें दिन में तारे दिखने लगे आसमान पर

पत्नी ने कहा, ' देखो जी अपनी हद में रहो'
चुटकुलों की दुनिया से दूर अपनी मांद में रहो

' मांद ' सुनते ही श्रीमानजी का पौरुष जागा
पत्नी के ऊपर ' मोबाइल बैन ' का मिसाइल दागा

पत्नी के मोबाइल का बैलेंस खतम हो चला था
इसी मुद्दे पर पतिदेव ने मोर्चा संभाल रखा था

बैलेंस नहीं होने के कारण मोबाइल बंद पड़ा था
इसी बात पर पति महोदय का अहंकार खड़ा था

अब तो पत्नी को मोबाइल उपवास करना पड़ा
अपडेट के बिना जिंदगी का हाल हुआ बेहाल बड़ा

मन के अवसाद ने तन पर भी प्रभाव डाला
किचन में छायी वीरानी और पड़ गया ताला

अब तो श्रीमानजी का दिमाग चकराया
बड़े डॉक्टर के पास ले जाकर दिखलाया

डॉ ने कहा, यह डिजिटल उपवास का है कहर
शीघ्र इलाज कराइए, वरना फैल जाएगा जहर

पति ने तुरंत अनलिमिटेड डाटा पैक का रीचार्ज कराया
पत्नी के मोबाइल पर रीचार्ज होने का सिग्नल आया

यह देख उनके चेहरे पर अत्यंत खुशी का भाव आया
श्रीमानजी ने श्रीमतीजी का डिजिटल उपवास तुड़वाया
                                               गीता चौबे

No comments: